बरेली। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी रविवार को बरेली पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बीएलओ की मौतों, एसआईआर अभियान और पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद के नाम पर कथित शिलान्यास को लेकर विपक्ष और टीएमसी पर तीखे हमले बोले। उन्होंने कहा कि विपक्ष का नकारात्मक एजेंडा उनके लोकतंत्र विरोधी रवैये को दर्शाता है। बिहार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष एसआईआर पूरा होने के बाद किसी ने आपत्ति नही की और चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुए। भूपेंद्र चौधरी ने एसआईआर प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों पर कहा कि विपक्ष लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश कर रहा है। एसआईआर को एक संवैधानिक और पारदर्शीप्रक्रिया बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग इसे पूरी निष्पक्षता के साथ संचालित कर रहा है। उन्होंने कहा कि कई चुनावों से भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ा है, जिससे विपक्ष हताश है और संवैधानिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाकर भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहा है। यहां एमएलसी संतोष सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा और मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत के बाद भूपेंद्र चौधरी मेयर उमेश गौतम के बेटे पार्थ गौतम के विवाह-रिसेप्शन में शामिल हुए।।
बरेली से कपिल यादव
