मीरगंज, बरेली। जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र मे इमरजेंसी लैंडिंग करने वाला वायुसेना का हेलीकॉप्टर दूसरे दिन भी उड़ान नही भर सका। बैंगलुरू से आई विशेषज्ञ की टीम पूरे दिन हेलीकॉप्टर मे आई तकनीकी खराबी दूर करने मे लगी रही। वायुसेना के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। विशेषज्ञ की दूसरी टीम जल्द मौके पर पहुंचेगी और उससे हरी झंडी मिलने के बाद हेलीकॉप्टर उड़ान भरेगा। त्रिशूल हवाई अड्डे से सोमवार को प्रशिक्षण उड़ान पर निकले हेलीकॉप्टर मे अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी। इस वजह से पायलट को गोरा लोकनाथपुर मे लाही के खेत मे हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। वायुसैनिकों ने खेत को अपने कब्जे मे ले लिया है। सैनिक खेत मे टैंट लगाकर रात भर हेलीकॉप्टर की निगरानी करते रहे। एयरफोर्स स्टेशन से लाए गए जेनरेटरों से खेत मे रोशनी की गई। मंगलवार को विशेषज्ञों की टीम पूरे दिन हेलीकॉप्टर मे आई कमी दूर करने मे जुटी रही। अब जल्द ही विशेषज्ञों की दूसरी टीम मौके पर पहुंचेगी और हेलीकॉप्टर का फाल्ट दूर करेगी। इस टीम से अनुमति मिलने के बाद ही हेलीकॉप्टर गोरा लोकनाथपुर से उड़ान भरेगा। मंगलवार को बरेली से वायुसेना के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विशेषज्ञों की टीम से मामले की जानकारी ली। तहसीलदार अशीष कुमार सिंह बीडीओ आनन्द विजय यादव, प्रधान धर्मेंद्र चौधरी आदि मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि अधिकारी लगभग तीन घंटे गोरा लोकनाथपुर मे रहे। गांव के विनोद शर्मा ने बताया कि सोमवार रात टीम घंटों मरम्मत का काम करती रही। बैंगलुरू से आई टीम ने पूरे दिन काम किया। शीघ्र ही निर्माण करने वाली कंपनी की टीम मौके पर आने की चर्चा है। एसडीएम अलोक कुमार ने बताया कि वायुसेना की बरेली और बैंगलुरू की टीम तकनीकी खराबी दूर करने मे लगी है। अभी खराबी का पता नही लग सका है। रात मे भी टीमें गांव मे रहेंगी।।
बरेली से कपिल यादव
