बहेड़ी, बरेली। जनपद के थाना बहेड़ी के कानूनगोयान निवासी लेखपाल मनीष कश्यप की हत्या के बाद उनके परिवार मे विवाद गहराता जा रहा है। अब यह मामला मृतक की सरकारी नौकरी के हक को लेकर बहस का रूप ले चुका है। इसी विवाद के बीच मनीष के छोटे भाई विवेक की पत्नी खुशबू ने एसएसपी और डीएम से मिलकर अपने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए है। खुशबू का कहना है कि उसकी शादी 26 अप्रैल 2024 को हुई थी लेकिन ससुराल पक्ष लगातार दहेज को लेकर प्रताड़ित कर रहा है। जेठ मनीष कश्यप की हत्या के बाद उसे और अधिक प्रताड़ित किया जा रहा है। परिवार के लोग उस पर हत्या का आरोप उस पर लगा रहे है। कहा जा रहा है कि तुम्हारे आने से अनर्थ हो गया। उसने बताया कि मृतक मनीष की पत्नी को भी परेशान किया जा रहा है ताकि सरकारी नौकरी किसी और को मिले। शिकायती पत्र में उसने बताया कि पति विवेक ने मारपीट कर उसका हाथ तोड़ दिया। पीड़िता ने सास मोरकली, पति विवेक और दो ननदों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने की मांग की है। मनीष की हत्या पहले ही एक चर्चित मामला बन चुका था जब उनकी मां मोरकली ने शव मिलने के बाद दावा किया था कि वह उनके बेटे का नही है। कई जांचों के बाद यह पुष्टि हुई कि शव मनीष का ही था। अब परिवार के भीतर नौकरी को लेकर चल रहे विवाद ने एक नया मोड़ ले लिया है। पुलिस प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।।
बरेली से कपिल यादव