बिथरी चैनपुर, बरेली। एक माह पहले महिला की चेन लूटने के दोनों आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिए गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती करवाया गया है। इस दौरान एक सिपाही भी घायल हो गया। उसे भी इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया है। मंगलवार शाम पुलिस को सूचना मिली, दो बदमाश भागने की फिराक में कचोली मंदिर के पास खड़े है। सूचना पर दोगा रणधीर सिंह और नरेंद्र शर्मा फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर मे गोली लग गई। जिससे वह गिर गए। इस दौरान आरक्षी दीपक कुमार भी घायल हो गए। पुलिस ने दोनो बदमाश और आरक्षी को इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती करवा दिया। पूछताछ मे बदमाशों ने अपना नाम विनय उर्फ़ कल्लू निवासी ग्राम दर्शन पुरवा थाना फजलगंज जिला कानपुर व राजेश कुमार निवासी सती बगिया मोती झील थाना बाजार खाला जिला लखनऊ बताया। तलाशी में दोनों के पास से 2000 रुपये, सोने की चैन, 2 तमंचे 315 बोर, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा एक बाइक बरामद हुई। इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार ने बताया दोनों बदमाशों का पुलिस हिरासत में इलाज चल रहा है।।
बरेली से कपिल यादव