लीलौर झील के किनारे फैमिली ट्रेन और ट्रैक का शुभारंभ

आंवला, बरेली। ऐतिहासिक लीलौर झील के किनारे फैमिली ट्रेन का बुधवार को शुभारंभ हो गया। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने ट्रेन मे सफर करने के साथ ही झील मे नौका विहार का भी आनंद लिया। इस दौरान पर्यटक हाउस, मंडपम और ट्रेन स्टेशन यार्ड का भूमि पूजन भी किया गया। बुधवार को लीलौर झील के किनारे फैमिली ट्रेन का शुभारंभ हुआ। जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी आदि ट्रेन में सवार हुए। सभी ने ट्रेन से उतरते ही निर्धारित किराया अदा किया। इस दौरान मुख्य अतिथि पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि महाभारत काल मे इस यक्ष सरोवर का उल्लेख किया गया है। यह भोग की भूमि नही बल्कि योग की भूमि है। लीलौर झील का विकास धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप मे किया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। स्थानीय लोग होम स्टे नीति के अंतर्गत पर्यटकों को नियानुसार अपने घर में भी फूडिंग-लौजिंग की सुविधा उपलब्ध करा सकते हैं। पर्यटकों के साथ अच्छा व्यवहार करें। मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने कहा कि महाभारत कालीन यह यक्ष सरोवर पूरे बरेली मंडल के लिये धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण है। डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि लोग इस झील को साफ-सुथरा रखने मे हमारा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि इसका प्रचार-प्रसार प्रशासनिक स्तर से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के आवागमन की सुविधा के लिए ई बसों का संचालन लिलौर झील तक कराया जायेगा। गर्मी के मौसम मे झील का जल स्तर बना रहे इसके लिए नलकूप भी लगाए गए है जो पानी की आपूर्ति करते रहेंगे। अभी शुरू हुई है चार डिब्बों की ट्रेन अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विनय शर्मा ने बताया कि अभी चार डिब्बों की फ़ैमिली ट्रेन चलाई गई है। शीघ्र ही एक किलोमीटर के दायरे मे ट्रेन चलेगी और बाद मे इसे 52 हेक्टेयर की झील के चारों तरफ चलाने की योजना है। कार्यक्रम के दौरान द्रौपदी कन्या इंटर कालेज, साहू गोपीनाथ इंटर कालेज, जीजीआईसी आंवला, सरस्वती शिशु मंदिर सिरौली की छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ अरुण कुमार, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, नवाबगंज विधायक डॉ एमपी आर्य आदि के साथ ही सीडीओ देवयानी, एडीएम वि/रा संतोष कुमार सिंह, एसडीएम आंवला विदुषी सिंह, उप निदेशक पर्यटन रविंद्र कुमार आदि अधिकारी उपस्थित रहे। वही शाम को 2100 दीप जलाकर देव दीपावली मनाई। शाम होने पर प्रशासन की ओर से 2100 दीप जलाकर देव दीपावली मनाई गई। इससे झील दीपों की रोशनी से जगमग हो गई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *