लकड़ी ठेकेदार को कार से कुचलकर मारा, आरोपी गिरफ्तार

क्योलड़िया, बरेली। जनपद के थाना क्योलड़िया क्षेत्र के गांव माधोपुर मे लकड़ी ठेकेदार चरन सिंह की मौत सामान्य नही बल्कि कार से कुचलकर हत्या की गई थी। मंगलवार को पुलिस ने इसका खुलासा किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी विमल सिंह को गिरफ्तार किया। उसने बहन को दो बार ले जाने व शादी करके गांव मे ही रखने की रंजिश को हत्या की वजह बताया। कहा कि गांव में काफी बेइज्जती हो रही थी इसलिए उसने बदला लिया। एक अगस्त की रात हुई चरन सिंह (52 वर्ष) की हत्या मे पीड़ित पक्ष ने गांव निवासी पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह थाना प्रभारी राजबली सिंह ने पुलिस टीम के साथ आरोपी विमल सिंह को कार सहित गिरफ्तार कर लिया। विमल सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन को वर्ष 2022 मे चरन सिंह का बेटा संजय अपने साथ ले गया था। उसने रिपोर्ट दर्ज कराई तो पुलिस ने संजय सिंह को जेल भेज दिया। चूंकि बहन उस वक्त नाबालिग थी तो उसे परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। कुछ दिनों बाद संजय सिंह जेल से छूटकर घर आया। उसकी बहन के बालिग होते ही संजय उसे दोबारा अपने साथ ले गया। दोनों ने न्यायालय मे पेश होकर शादी कर ली। विमल ने बताया कि बहन की मनमर्जी से शादी के बाद भी वह लोग चुप थे। आरोप लगाया कि चरन सिंह व उसका बेटा शराब पीकर मोहल्ले मे गालियां देते थे। वह जाति को आधार बनाकर हमारी बेइज्जती करते थे तो वह मन ही मन रंजिश मानने लगा। विमल ने पुलिस को बताया कि एक अगस्त को उसने चरन सिंह को क्योलड़िया की बाजार मे अकेले घूमते देखा। इसे देखकर उसने हत्या की योजना बना ली। वह बाइक से घर पहुंचा और कार निकाली। कुछ साथियों के साथ वह गांव बिजासिन के खड़ंजे पर कार रोककर चरन सिंह का इंतजार करने लगा। शाम को चरन सिंह बाइक पर गांव की ओर आता दिखा तो विमल ने कार से बाइक मे पीछे से जोरदार टक्कर मारी। चरन सिंह बाइक सहित नीचे गिर पड़ा। तब विमल ने कार को आगे-पीछे कर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। फिर वहां से भाग निकला। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *