बरेली। नगर निगम की टीम ने बुधवार को रोहली टोला और बुखारपुरा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। रोहली टोला में सड़क किनारे और तंग गलियों में कई दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा था। टिंबर मर्चेंट की दुकाने सड़क तक फैली हुई थी। दुकानों के सामने टीन शेड भी लगाई गई थी। बुलडोजर से टीन शेड हटवाए गए। दुकानों के बाहर रखे लकड़ी के लट्ठे जब्त किए गए। कुछ दुकानदार ने कार्रवाई का विरोध किया, मगर टीम के आगे उनकी एक न चली। दुकानदारों से 50 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। अभियान राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद सिंह की अगुवाई में चला। बुखारपुरा में टीम ने सड़क किनारे लगी रेहड़ियों, ठेलों और अस्थायी दुकान लगाने वालों को खदेड़ा। कई दुकानदारों ने रोड पर रखी लकड़ी रिक्शा से अंदर कराते हुए बचाने का प्रयास किया। कार्रवाई के दौरान रोहली टोला और बुखारपुरा में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। नगर आयुक्त संजय कुमार मौर्य ने बताया कि पूरे शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। दुकानदारों को सचेत किया जा चुका है कि वे अतिक्रमण न करें। यह अभियान सड़कों और गलियों को अतिक्रमण से मुक्त करने और लोगों के आवागमन और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
