*रोहनिया से शहर की ओर आ रहे बाइक सवार की हालत गंभीर
*उपचार के लिए कबीरचौरा हॉस्पिटल में भर्ती
वाराणसी- जिले में दुर्घटना के लिए चर्चित रोहनिया थाना क्षेत्र के शाहाबाबाद रोड पर गुरुवार को रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए कबीरचौरा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
दुर्घटना के बाद रोडवेज बस इलाहाबाद की ओर निकल गई। दोपहर 12:30 बजे तक घायल की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि कैंट की ओर से इलाहाबाद जा रही रोडवेज बस आगे चल रही कार को ओवरटेक कर रही थी। शहाबाबाद मोड़ के पास रोहनिया से कैंट की ओर जा रहा बाइक सवार रोडवेज बस के सामने आ गया। रोडवेज बस बाइक सवार को धक्का मारते हुए आगे बढ़ गई। दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर रोहनिया पुलिस और पीआरवी पहुंची। घायल को उपचार के लिए कबीरचौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार के पास से मिले आईडी और मोबाइल के जरिए उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
*इन जगहों पर अक्सर होती है दुर्घटना*
शहर के कुछ जगह ऐसे हैं जिन्हें सड़क दुर्घटनाओं के लिए जाना जाता है। इसमें रोहनिया थाना क्षेत्र का शहाबाबाद भी शामिल है। शहाबाबाद में महीने भर के भीतर 15 से अधिक दुर्घटनाएं हुई हैं, जिसमें कई लोगों की मौत भी हुई है। ग्रामीणों की मांग पर शहाबाबाद से लेकर मोहनसराय पुल के बीच डिवाइडर और स्पीड ब्रेकर भी बनाए गए, लेकिन इससे भी कोई फायदा नहीं हुआ। शहाबाबाद में दुर्घटनाओं का सिलसिला बदस्तूर चल रहा है।
रिपोर्ट-:कमलेश गुप्ता रोहनिया वाराणसी