बरेली। गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित एवं माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के कुलपति के मार्गदर्शन में कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 6 फरवरी 2026 से 11 फरवरी 2026 तक बरेली (उ.प्र.) में किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जम्मू-कश्मीर एवं उत्तर प्रदेश के युवाओं के मध्य सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं सामाजिक संवाद को बढ़ावा देना तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम के संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित अधिकारियों ने जानकारी दी कि युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागी युवाओं के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, शैक्षिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण, संवाद सत्र, खेलकूद एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवाओं को भारत की विविध संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने का अवसर प्राप्त होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्पा सिंह, उप निदेशक, माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार ने कहा कि गृह मंत्रालय द्वारा प्रायोजित यह कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक सशक्त पहल है, जिससे आपसी समझ, विश्वास और सौहार्द को बढ़ावा मिलेगा । इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रो. राकेश कुमार मौर्य, डॉ. सुमित श्रीवास्तव, डॉ. ज्योति पाण्डेय (सांस्कृतिक कार्यक्रम समन्वयक), डॉ. छवि शर्मा (ई.सी. विभाग), डॉ. अतुल सरोजवाल, अजय राज शर्मा (मुख्य प्रशिक्षक) तथा भूपेंद्र सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
माय भारत, बरेली द्वारा आयोजित एवं गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित यह कार्यक्रम निश्चित रूप से युवाओं के बीच सांस्कृतिक समरसता और राष्ट्रीय एकजुटता को नई दिशा देगा।
