बरेली। माघ पूर्णिमा पर रामगंगा के चौबारी घाट पर मेला लगेगा, जिसमें हजारो की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में श्रद्धालुओं को आवागमन मे दिक्कत न हो इसलिए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। इसके तहत एक फरवरी को सुबह चार से दोपहर एक बजे तक कोई भी भारी वाहन चौबारी होकर बदायूं की ओर न तो जा सकेगा और नहीं वहां से आ सकेगा। इस दौरान भारी वाहन ट्रैफिक पुलिस द्वारा निर्धारित रूट से होकर गुजरेंगे। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल ने एडवाइजरी जारी कर दी है। वही माघ पूर्णिमा स्नान रविवार को होगा। स्नान के लिए श्रद्धालुओं की तादाद को देखते हुए शनिवार को एसपी सिटी मानुष पारिक और एएसपी सोनाली मिश्रा ने रामगंगा चौबारी घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। एसपी सिटी ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा-व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश पुलिस कर्मियों को दिए। उन्होंने एएसपी को घाट पर मौजूद व्यवस्थाओं, भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण करने, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा व अग्निशमन की उपलब्धता के साथ प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी समेत पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए।।
बरेली से कपिल यादव
