आंवला, बरेली। रिश्वत लेते सिरौली मे गिरफ्तार किए कानूनगो और उसके निजी मुंशी को पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। सामने आया कि कानूनगो रिश्वत न देने के चलते तीन महीने से उनके खेत की पैमाइश नही कर रहा था। वही डीएम के आदेश पर कानूनगो को सस्पेंड भी कर दिया गया है। आंवला तहसील के परगना सिरौली के कानूनगो वीरेंद्र पाल सिंह ने मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव बनईया निवासी सर्वेश कुमार को निजी मुंशी रख रखा है। गांव केसरपुर के पंकज ने तूदाबंदी के लिए 16 सितंबर को एसडीएम आंवला के यहां आवेदन किया था। इसे तहसीलदार की कोर्ट में भेजा गया और वहां से 10 अक्तूबर को इसे कानून गो के पास भेज दिया गया और एक सप्ताह में रिपोर्ट लगाने के निर्देश दिए गए थे। इस आदेश को करीब तीन महीने बीतने जा रहे हैं लेकिन रिश्वत न देने के चलते वीरेंद्र पाल सिंह ने रिपोर्ट नही लगाई। मजबूर होकर पंकज ने एंटी करप्शन मे शिकायत की और बुधवार को कानूनगो वीरेंद्र पाल सिंह और उसके निजी मुंशी सर्वेश को 20 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ थाना भमोरा मे रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जहां से गुरुवार को उन्हें जेल भेज दिया गया। वही डीएम अविनाश सिंह के आदेश पर शाम को उसे सस्पेंड भी कर दिया गया।।
बरेली से कपिल यादव
