नवाबगंज, बरेली। जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र मे चोरी की वारदातें पुलिस की सक्रियता को धता बता रही है। ताबड़तोड़ हो रही घटनाओं ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है। वही पुलिस की चौकसी पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बीती रात ग्राम रिछोला किफायतुल्ला में चोरों ने दो बन्द घरों को निशाना बनाकर हजारों की नकदी, आभूषण व कीमती सामान पार कर दिया। पहली घटना जमील अहमद के घर में हुई। जमील मील के परिवार सहित ससुराल गए होने के कारण घर बंद था। चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर घुसते हुए 4 हजार की नकदी, सोने की लौग, टीका, पैण्डल, तांबे का डिनर सेट, एलईडी व लिहाफ तक समेट लिया। इसके बाद चोरों ने सामने ही स्थित नियाज अहमद के पुत्र मोहम्मद सगीर के बन्द पड़े घर को अपना अगला निशाना बनाया। सगीर भी परिवार के साथ बारात में गए थे। चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर दो जोड़ी चांदी के जेवर, पायल, अंगूठी, सोने की बेसर, 36 हजार रुपये तथा 786 अंक वाले 1200 रुपये पर हाथ साफ कर दिया। गंगापुर उर्फ खामपुर में वसीम अहमद के भट्टे पर खड़े सात ट्रैक्टरों और एक छोटा हाथी की बैटरियां भी उचक्के खोलकर ले गए। वही गत दिनों क्षेत्र के हरदुआ, ग्रेम एवं विसनपुर मे भी लाखों रुपये के जेवरात व नकदी की चोरी हो चुकी है। विसनपुर मे तो दिनदहाड़े ही चोरी की घटना ने पुलिस व्यवस्थाओं की पोल खोल दी थी। लगातार बढ़ रही इन वारदातों ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त के बाद भी चोर बेखौफ हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की है।।
बरेली से कपिल यादव
