बरेली। रामायण वाटिका मे पुष्प प्रदर्शनी के दूसरे दिन शनिवार को भगवान राम और शिव की स्तुति मे भजन गूंजे। राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी सुनते हुए हजारों लोगों ने राम वन गमन के प्रसंगों से जुड़ी छह वाटिकाओं का भ्रमण किया। फूलों से सजी वाटिका के प्रवेश द्वार के निकट बने सेल्फी प्लाइंट पर फोटो खिंचाने की होड़ रही। दोपहर से भीड़ बढ़ना शुरू हुई तो शाम सात बजे कहीं कोई जगह खाली नही बची। हर तरफ शहर और आसपास के लोग रामायण वाटिका में सजे भगवान के स्वरूप और फूलों की आकृतियों के संग खुद को अपने मोबाइल के कैमरे में कैद करने में लगे रहे। रामगंगानगर स्थित रामायण वाटिका मे रात आठ बजे तो एक मौका ऐसा भी आया जब भीड़ को संभालना मुश्किल हो रहा था। बीडीए के सुरक्षाकर्मियों के साथ अधिकारियों को आगे आना पड़ा तब कही जाकर व्यवस्था सुचारू हो सकी। स्कूली बच्चों से लेकर विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और शहर के सामान्य लोगों का देर रात तक तांता रहा। भव्य रोशनी से जगमग वाटिका में रामायण की चौपाईयां भी गूंजती रही। हजारों प्रजातियों के फूलों की महक ने वातावरण को सुगंधित किया। हरसिंगार, चंपा, रात की रानी, मधुकामिनी और गुलाब आदि फूलों की महक बिखरी। पंपा सरोवर और बाबा केदारनाथ मंदिर के प्रतिरूप आकर्षण बने रहा। बीडीए के उपाध्यक्ष मनिकंडन ए के मुताबिक शनिवार को सुबह से शाम तक तांता रहा। एक लाख लोगों के पुष्प प्रदर्शनी देखी है। रविवार को सुबह दस से रात दस बजे तक लोग प्रदर्शनी का भ्रमण कर सकेंगे। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, डीएम रविंद्र कुमार, एसएसपी अनुराग आर्य, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य समेत कई अधिकारियों ने भगवान के स्वरूपों के दर्शन किए।।
बरेली से कपिल यादव