राज्य महिला आयोग की सदस्य को वृद्धाश्रम मे खाने की खराब गुणवत्ता से लेकर गंदी मिली चादरें

बरेली। राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडेय ने शनिवार को समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित लाल फाटक स्थित शिव धाम कॉलोनी में वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें अव्यवस्थाएं मिली। इसको लेकर वह नाराज हो गई और कहा कि इसे वृद्धाश्रम कौन कहेगा। इसकी स्थिति तो झुग्गी झोपड़ी से भी बदतर है। निरीक्षण की पूरी रिपोर्ट तैयार कर आयोग की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री भेजी जाएगी। राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडेय ने निरीक्षण के दौरान कहा कि कई अनियमितताएं है। सरकार इतना ध्यान दे रही है और पैसा खर्च कर रही है फिर भी बदइंतजामी हावी है। निरीक्षण में मौके पर वृद्धाश्रम में कोई भी जिम्मेदार नहीं मिला। सिर्फ चतुर्थ श्रेणी के दो कर्मचारी जरूर मिले। वृद्धाश्रम में इतने बुजुर्गों की मौजूदगी और किसी जिम्मेदार के नहीं होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बुजुर्गों का हाल जाना। विभाग की ओर से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कई बुजुर्गो ने खाने-पीने की सुविधाएं और समय से दवाइयां नही मिलने की शिकायत की। खाने की गुणवत्ता खराब मिली। मौके पर झूठन पड़ी थी। कदम कदम पर गंदगी थी। चादरें तक साफ नही पाई गई। कई बुजुर्गों ने कहा कि आयुष्मान कार्ड होने के बाद भी उनका इलाज नही किया गया। अस्पताल जाने पर कहा गया कि दिन मे आइए। रात में आयुष्मान कार्ड नही काम आएगा। प्रबंधक कांता गंगवार ने बताया कि वृद्धाश्रम को नए भवन मे हाल ही मे शिफ्ट किया गया है। कुछ कर्मचारी बाजार से रसोई का सामान लाने गए थे और अन्य कर्मी शिफ्टिंग करने में लगे थे। समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि वृद्धाश्रम को दूसरी जगह शिफ्ट करने की वजह से कुछ दिक्कतें उत्पन्न हुई है। जल्द ही समस्याएं दूर करा दी जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *