बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। राजश्री मेडिकल कॉलेज एवं नर्सिंग इंस्टीट्यूट मे सोमवार को कोर्स की मान्यता न होने पर नर्सिंग छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। बीएससी नर्सिंग प्रथम सेमेस्टर के छात्रों ने सोमवार सुबह कॉलेज का मुख्य गेट बंदकर हंगामा किया। आक्रोशित छात्र धरने पर बैठ गए। शाम को मीरगंज तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने चेयरमैन के साथ छात्रों की वार्ता कराई। तहसीलदार की मध्यस्थता के बाद सहमति बन गई और धरना शाम 7:30 बजे शांतिपूर्वक समाप्त हो गया। कॉलेज के प्राचार्य गौरव प्रताप ने बताया एनआईसी की मान्यता हर वर्ष रिन्यू होती है। इस वर्ष हमने पूरी दस्तावेजी प्रक्रिया समय पर पूरी कर भेज दी है। अब तक जिले के 15 नर्सिंग कालेजों के नाम इस वर्ष अपलोड हो गए है। कॉलेज की मान्यता का डेटा वेबसाइट पर 31 दिसंबर तक अपडेट हो जाएगा। छात्रों को गुमराह नही किया है। उनका भविष्य सुरक्षित है। इधर, आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने भी प्रबंधन से छात्रों की वार्ता कराई। उन्होंने छात्रों की मांग को वाजिब बताया। प्रबंधन ने छात्रों को आश्वासन दिया कि उनका नुकसान नही होने दिया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
