लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर से हाहाकार मचा हुआ है। संक्रमितों के साथ मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जिसको देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सीएम योगी ने प्रदेश में साप्ताहिक बंदी का ऐलान किया है। यानी दूसरे अर्थों में समझें तो यूपी में अब एक दिन के लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है।
सीएम ने निर्देश देते हुए प्रदेश में रविवार को साप्ताहिक बंदी का ऐलान किया। यह बंदी शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण अंचल तक पूर्णतयः रहेगी। इसका उल्लंघन करने पर प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही अब बिना मास्क के घरों से निकलने पर जुर्माना राशि 100 रुपए से बढ़ाकार 1000 हजार रुपए कर दी गई है। इस दौरान यातायात सुविधाएं भी बंद रहेंगी। यानी आप एक जगह से दूसरी जगह नहीं जा सकेंगे।
हालांकि साप्ताहिक बंदी के दौरान आपातकालीन सेवाएं संचालित रहेंगी। निजी अस्पतालों को कोविड अस्पताल बनाने का कार्य किया जाएगा। बता दें अत्यधिक संक्रमण वाले 10 जनपदों में कोविड-अस्पताल बनाया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जरूरतमंद लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। भरण/पोषण भत्ता के पात्र लोगों की सूची बनाई जाएगी। प्रत्येक जरूरतमंद को सरकार राशन उपलब्ध कराएगी। ज्ञात हो कि, कोरोना के विकराल रूप को देखते हुए महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में पहले ही वीकेंड लॉकडाउन का ऐलान किया जा चुका है। अब यूपी में बिगड़ती स्थिति को देखते हुए यहां भी रविवार को बंदी की घोषणा की गई है।
यूपी में कोरोना की दूसरी लहर से हाहाकार:प्रदेश में साप्ताहिक बंदी का किया मुख्यमंत्री ने ऐलान
