युवक की मौत के बाद गांव के आक्रोशित लोगों ने शव रखकर किया सड़क जाम

आजमगढ़- देवगांव कोतवाली क्षेत्र के पल्हना में मंगलवार को युवक की मौत के बाद गांव के लोग आक्रोशित हो गये। पल्हना त्रिमुहानी के पास शव रख कर सड़क जाम कर दिया। जिससे तरवा-लालगंज व पल्हना-मेंहनगर मार्ग करीब साढ़े तीन घंटे बाधित रहा। तहसीलदार लालगंज के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। क्षेत्र के लोधापुर गांव निवासी 20 वर्षीय अभिषेक सिंह उर्फ छोटू पुत्र सुजय सिंह की पल्हना बाजार में फल की दुकान है। रविवार को भीटी गांव निवासी अंकित यादव पुत्र अर्धीन यादव फल लेने गया था। दोनों में पैसे के लेन देने को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद अंकित मौके से चला गया। कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ आया दुकान पर बैठे अभिषेक को मारपीट कर घायल कर दिया। मंगलवार को अभिषेक के पेट में दर्द होने लगा, परिजन उसे लेकर लालगंज के एक निजी अस्पताल पर पहुंचे। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही गांव के लोग आक्रोशित हो गये। अभियुक्त पर कार्रवाई की मांग को लेकर पल्हना त्रिमुहानी पर शव रख कर दोपहर एक बजे जाम लगा दिए। शासन-प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। जाम की सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाली प्रभारी सुनील चंद तिवारी, चौकी प्रभारी पल्हना मिथिलेश तिवारी, तरवा थाना प्रभारी संदीप यादव, तहसीलदार लालगंज अनिल कुमार पाठक मौके पर पहुंच गये।तहसीलदार के आश्वासन पर जाम साढ़े तीन बजे समाप्त हुआ। मृतक माता-पिता का इकलौता लड़का था। उसकी मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।

रिपोर्टर:-राकेश वर्मा आजमगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *