देवरनियां, बरेली। जनपद के थाना देवरनियां क्षेत्र मे मौसेरी बहनों को दवा दिलाकर सोमवार रात घर लौट रहे बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई और दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से वाहन की पहचान की कोशिश कर रही है। ग्राम पंचायत चठिया निवासी नितिन पाल (19) मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। सोमवार देर रात वह अपनी मौसेरी बहनों माला देवी और बियोला देवी को दवा दिलाने मुड़िया जागीर गया था। तीनों लोग बाइक से वापस देर रात घर लौट रहे थे। देवरनियां विद्युत उपकेंद्र गेट के सामने बहेड़ी की तरफ से एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे नितिन पाल की मौत हो गई और माला और बियोला घायल हो गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी मगर पुलिस आधा घंटे बाद मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। दोनों घायल बहनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी। परिजन भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि नितिन परिवार का इकलौता बेटा था और घर की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।।
बरेली से कपिल यादव