मोबाइल चोरी के शक मे की थी मध्य प्रदेश के किशोर की पीटकर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

बिशारतगंज, बरेली। माला बेचने वाले मध्य प्रदेश के किशोर की पीट-पीटकर की गई बेरहमी से हत्या क़े मामले में सैन्यकर्मी पिता-पुत्र समेत तीन गिरफ्तार किए गए हैं। मोबाइल चोरी के शक में किशोर को बुरी तरह से पीटा गया था। बाद में पीछे हाथ बांधकर पानी भरी खाई में डुबोकर मार डाला गया था। पुलिस के अनुसार रविवार को थाना अलीगंज के गैनी गांव में लगने वाली साप्ताहिक बाजार में मोबाइल चोरी के आरोप में एक किशोर को कुछ लोगों ने बेरहमी से पीटा था। बाद में लोग उसे बाइक से बैठाकर अपने साथ ले गए थे। किशोर का शव सोमवार सुबह सड़क के किनारे पानी भरी खाई में मिला था। किशोर की निर्ममता से पिटाई की गई थी। बाद में उसे पानी में डुबोकर मार डाला गया था। उसके हाथ पीछे बांध दिए थे। पोस्टमार्टम मे पिटाई और डूबने से मौत की पुष्टि हुई थी। किशोर की शिनाख्त उसकी बहन ईनी सना ने 16 वर्षीय असिन राज निवासी गांव बीसा खेड़ी थाना चौबारा जनपद देवास मध्य प्रदेश के रूप मे की थी। वह बरेली जंक्शन के समीप झोंपड़ी डालकर रहते थे। असिन राज रविवार को गैनी बाजार में माला व मूर्ति बेचने आया था। ईनी सना ने दर्ज कराई रिपोर्ट में गैनी बाजार में ठेका वसूली करने वाले लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया था। प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि किशोर की हत्या के मामले में सैन्यकर्मी रजनीश, उसके भाई मनोज और पिता रिटायर्ड सैन्यकर्मी राम किशोर को बुधवार को गिरफ्तार किया गया है। तीनों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *