बरेली। शहर से लेकर देहात तक में शनिवार की सुबह मुख्य अभियंता के निर्देश पर बिजली चोरी पकड़ने के लिए मॉर्निंग रेड अभियान चलवाया गया। इस दौरान 346 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं पर रिपोर्ट दर्ज कराई गयी है। बरेली जोन प्रथम में आने वाले सभी अधिशासी अभियंता, एसडीओ और अवर अभियंता के नेतृत्व मे बिजली चोरी पकड़ने और राजस्व वसूली में सुधार के लिए मॉर्निंग रेड अभियान चलाया गया। इसके तहत अलग अलग टीमों ने आंवला, बहेड़ी, लाल फाटक, कुतुबखाना, किला, मीरगंज, नवाबगंज, फरीदपुर, रिठौरा क्षेत्र में चेकिंग की गई। टीमों ने 676 परिसरों को चेक किया, जिसमें 346 मकानों में सीधे कटिया डालकर सीधी बिजली चोरी पकड़ी गई। टीम ने चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटकर उनकी केबल जब्त करके बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। अभियान के दौरान 5.65 लाख रुपये का राजस्व भी जमा कराया गया।।
बरेली से कपिल यादव
