बरेली। थाना सुभाष नगर पुलिस ने गुरुवार की देर रात लूट व चोरी के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर व पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को पकड़ लिया। पकड़े गए हिस्ट्रीशीटर मनोज कश्यप पर लूट व चोरी के 19 मुकदमे दर्ज हैं। जबकि दूसरा साथी अजय उर्फ गुल्ला फरार हो गया। जिस पर सात मुकदमे दर्ज है। दोनों पर गैंगस्टर भी लगा है। इंस्पेक्टर सुभाषनगर सुनील कुमार ने बताया कि गुरुवार देर रात दो बजे श्मशान भूमि के पास दो व्यक्तियों को लूट की योजना बनाते हुए देखा गया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।इससे दारोगा सुशील कुमार के दाहिने हाथ को रगड़ते हुई गोली निकल गई। जवाब में दारोगा प्रदीप ने बदमाशों पर जवाबी फायरिंग की। जिसमे मनोज कश्यप के पैर में गोली लगी। पैर में गोली लगने से घायल हुआ बदमाश जमीन पर घायल होकर गिर पड़ा। जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए आरोपित के पास से पुलिस ने एक बाइक बरामद की है। आरोपित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए बदमाश मनोज कश्यप के खिलाफ लूट, चोरी और पुलिस पर हमले सहित 19 मुकदमे दर्ज है।।
बरेली से कपिल यादव