मुख्य अभियंता से इंजीनियरों की वार्ता विफल, जारी धरना-प्रदर्शन

बरेली। मुख्य अभियंता कार्यालय में एक एसडीओ के निलंबन और तीन जेई के तबादलों के विरोध में राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन का धरना-प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। संगठन के पदाधिकारियों और मुख्य अभियंता के बीच हुई वार्ता भी विफल रही। संगठन के पदाधिकारियों ने अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बदायूं के बिल्सी के एसडीओ शोएब अंसारी को अधिकारियों ने 10 अप्रैल को ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने के मामले में लापरवाही बरतने के मामले में निलंबित कर दिया। इसके अलावा राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन की बदायूं शाखा के सचिव इंजीनियर रवि कुमार, जिला उपाध्यक्ष इंजीनियर रणवीर सिंह का नियम विरुद्ध तरीके से तबादला कर दिया। जिसके बाद सोमवार को राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने मुख्य अभियंता कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू किया था लेकिन अधिकारियों ने वार्ता नही की थी। मंगलवार की सुबह को भी संगठन ने अपना धरना शुरू कर दिया। इसके बाद मुख्य अभियंता ने पदाधिकारियों को अपने कार्यालय में वार्ता करने के लिए बुलाया। जिसमें संगठन के पदाधिकारियों ने एसडीओ के बचाव में साक्ष्य पेश किए, लेकिन अधिकारियों ने निलंबन बहाल करने से इन्कार कर दिया। वार्ता विफल होने के बाद फिर से विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला ने भी संगठन के पदाधिकारी और मुख्य अभियंता से वार्ता की लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। मामला लखनऊ तक पहुंचा तो चेयरमैन डॉ. आशीष गोयल के निर्देश पर मुख्य अभियंता देर शाम अधीक्षण अभियंता बदायूं अखिलेश कुमार से बात करने के लिए बदायूं रवाना हुए। विरोध प्रदर्शन में केके महेश्वरी, आरके शर्मा, धर्मेन्द्र यादव, संजीव प्रभाकर, अमित कुमार सक्सेना, मनोज यादव, निखिल जायसवाल, राजेन्द्र प्रसाद, पंकज शर्मा, मिलिंद कुमार, नीरज पवार, एसडीओ जसीम अख्तर समेत अन्य एसडीओ और जेई मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *