बरेली। फरीदपुर से भाजपा विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल के निधन पर शोक व्यक्त करने शनिवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके आवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार शाम को हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से क्षेत्र मे शोक की लहर दौड़ गई। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार सुबह साढ़े दस बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली के त्रिशूल एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से वह सीधे पीलीभीत बाईपास पर स्थित शक्तिनगर कॉलोनी में विधायक श्याम बिहारी लाल के निवास पर पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी थे। दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्याम बिहारी लाल सरल, कर्मठ और जनसेवा के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि थे। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों से वार्ता कर इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की सांत्वना दी और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। फिर एकांत मे घर के एक कमरे मे कुछ पल बैठकर दिवंगत विधायक की पत्नी व दोनों बेटियों व बेटे ईशान से दुख साझा किया और उन्हें हिम्मत रखने की सलाह दी। मुख्यमंत्री के पूछने पर दिवंगत विधायक की बेटी शिल्पी ग्वाल ने बताया कि वह बरेली मे ही रक्षा संपदा अधिकारी के पद पर नियुक्त हैं। मुख्यमंत्री ने विधायक की दूसरी बेटी और बेटे ईशान के कॅरिअर के बारे मे भी जाना। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। कहा कि घबराने की जरूरत नही है, हिम्मत रखिए… हम सभी आपके साथ है। पूरी भाजपा आपके साथ खड़ी है। इस अवसर पर भाजपा के कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, कृषि मंत्री बलदेव सिंह औलख भी थे। इस दौरान आवास के आसपास पुलिस का कड़ा सुरक्षा घेरा रहा।।
बरेली से कपिल यादव
