मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने जा रहे कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बरेली दौरे पर युवा कांग्रेस ने विरोध करने का एलान किया। इस पर पुलिस ने मंगलवार रात से ही युवा कांग्रेस के नेताओं के मकान पर उन्हें नजरबंद कर दिया था। इसके अलावा बुधवार सुबह सिविल लाइंस स्थित कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष के आवास पर नेताओं को नजरबंद कर दिया गया। इसके बाद भी मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने के लिए कांग्रेसी जैसे ही सर्किट हाउस की तरफ बढ़े तो पुलिस से उनकी झड़प हुई। पुलिस ने उन्हें रोककर कैंट थाने में नजरबंद कर दिया और मुख्यमंत्री के मुरादाबाद जाने के बाद छोड़ा गया। पश्चिम युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला के नेतृत्व में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बढ़ती बेरोजगारी, स्कूलों को बंद किए जाने और बिजली की गंभीर समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई थी। कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला के सिविल लाइंस के आवास विकास स्थित आवास पर कांग्रेसी जमा थे। पुलिस ने उन्हें घर पर नजरबंद कर दिया था। उसके बाद प्रवक्ता राज शर्मा, प्रदेश महासचिव अवनीश चौबे, जिला अध्यक्ष साहिब सिंह, प्रदेश सचिव नदीम सिद्दीकी, कादिर खान, फिरोज खान, अफसर खान, बंटू समेत अन्य लोग विरोध करने के लिए सर्किट हाउस की तरफ बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोका। इस पर कांग्रेसियों और पुलिस की झड़प हुई। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर कैंट थाने ले जाकर नजरबंद कर दिया। अजय शुक्ला ने कहा कि यह गिरफ्तारी लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है और यह दर्शाता है कि सरकार जनता की आवाज सुनने से कतरा रही है। प्रवक्ता राज शर्मा ने कहा कि इस अलोकतांत्रिक रवैये की कड़ी निंदा करते हैं।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *