मीरगंज मे हादसे मे घायल दूसरे युवक की अस्पताल मे मौत, गमगीन माहौल मे दुल्हन को किया विदा

मीरगंज, बरेली। थाना मीरगंज क्षेत्र मे शुक्रवार की देर शाम शादी मे शामिल होने जा रहे बाइक सवार युवकों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी थी। एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक ने जिला अस्पताल मे दम तोड़ दिया। आपको बता दें कि थाना मीरगंज क्षेत्र के मलसाखेड़ा निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य की भतीजी की शादी का धनेटा शीशगढ़ रोड पर गांव गोकुलपुर के पास एक मैरिज हाल मे हो रही थी। शुक्रवार की देर शाम दुल्हन का चचेरा भाई छविराम (22) अपने ममेरे भाई रामपाल (25) निवासी ग्राम बल्लाखेड़ा के साथ बाइक से शादी मे शामिल होने जा रहा था। मलसाखेड़ा लिंक रोड पर सामने से तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में छविराम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल रामपाल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार की सुबह रामपाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। इंस्पेक्टर अजयपाल सिंह चाहर ने बताया कि आरोपी चालक और ट्रैक्टर ट्रॉली का अभी कुछ पता नहीं चला है। दो सदस्यों की मौत के बाद शादी की खुशियां पल भर में काफूर हो गई। गमगीन माहौल में शनिवार को दुल्हन को विदा किया गया। मृतकों मे एक दुल्हन का सगा चचेरा तो दूसरा ममेरा भाई था।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *