मीरगंज, बरेली। उड़ान के समय वायुसेना के हेलीकॉप्टर मे तकनीकी दिक्कत होने पर पायलट ने गोरा लोकनाथपुर गांव के नजदीक खेत मे इमरजेंसी लैंडिंग कराई। इस दौरान हेलीकॉप्टर देखने को पूरा गांव उमड़ पड़ा। पायलट की सूचना पर दूसरा हेलीकॉप्टर तकनीकी विशेषज्ञ को लेकर पहुंचा। सूचना पर एसडीएम व सीओ फोर्स के साथ पहुंच गए। वायुसेना का हेलीकॉप्टर जैड-डी 4117 सोमवार को नियमित उड़ान पर था। उड़ान के दौरान दोपहर मे पायलट को तकनीकी दिक्कत महसूस हुई। पायलट ने लगभग 4:30 बजे मीरगंज के रामगंगा के किनारे बसे गांव गोरा लोकनाथपुर मे आबादी से लगे विनोद शर्मा के लैहटा के खेत मे हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई। पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना वायुसेना के अधिकारियों को दी। आधा घंटा बाद बरेली वायुसेना स्टेशन से एक्सपर्ट को लेकर दूसरा हेलीकॉप्टर मौके पर पहुंचा। इमरजेंसी लैंडिंग वाले हेलीकॉप्टर मे सवार वायु सैनिक दूसरे वाले हेलीकॉप्टर से बरेली आए। बरेली के एक्सपर्ट तकनीकी कमी दूर करने की कोशिश कर रहे है। सूचना पर एसडीएम आलोक कुमार, सीओ अजय कुमार, एसओ संजय तोमर पुलिस लेकर मौके पर पहुंच गए। अफसरों ने रात्रि मे लाइट की व्यवस्था करने को जेनरेटर की व्यवस्था कर रहे है। एसडीएम ने बताया तकनीकी कमी के चलते वायुसेना के पायलट ने गोरा लोकनाथपुर के खेत में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई है। तकनीकी खामियों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। हेलीकॉप्टर के नजदीक तक पहुंचे ग्रामीण हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग पर पूरा गांव उमड़ पड़ा। बच्चे और महिलाएं कौतूहल से खेत मे हेलीकॉप्टर को देख रही थी। युवक वीडियो बनाने मे जुट गए। ग्रामीण खेत मे खड़े हेलीकॉप्टर के नजदीक तक पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को खेत से निकाला। खेत मालिक ने बताया पूरे खेत का लैहटा बर्बाद हो गया। सबसे पहले पहुंचा खेत मालिक विनोद शर्मा ने बताया कि मैं घर मे बैठा था। अचानक हेलीकॉप्टर काफी नीचे उतर आया। मकान के पीछे की ओर गया। मैं मौके पर पहुंचा। हेलीकॉप्टर मेरे लैहटा के खेत के बीच मे खड़ा था। उसमें बैठे पायलट आदि पास मे खड़े थे। खेत के चारों ओर कंटीले तार लगे हैं। खेत घरों से लगा है। धर्मवीर के घर से 150 मीटर दूरी पर हेलीकॉप्टर लैंड हुआ है। गोरा लोकनाथपुर के पास रामगंगा नदी बह रही है। गांव के लेखराज कश्यप ने बताया कई वर्ष पहले भी एक हेलीकॉप्टर गांव के नजदीक लैंड हुआ था। रामगंगा के ऊपर हेलीकाप्टर अभ्यास के लिए उड़ते रहते हैं। साइलेंसर मे आग जैसी निकलती लोगों ने देखी। लैंडिंग के 40 मिनट बाद दूसरा हेलीकॉप्टर उसी खेत मे उतरा। उसमें आया वायु सैनिक गांव मे रुक गया। जबकि लैंडिंग वाले हेलीकाप्टर के सैनिक बरेली चले गए। इस दौरान अधिकारी आ गए। खेत में टैंट व लाइटें लगाई जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
