मीरगंज, बरेली। थाना मीरगंज क्षेत्र मे तीन वर्षीय मासूम का शव नाली में मिला। परिजनों ने देखा तो घर में कोहराम मच गया। चीख पुकार सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मिली जानकारी के अनुसार मीरगंज थाना क्षेत्र के बाजार रोड के मोहल्ला राजेंद्रनगर का है। फरीदपुर थाना क्षेत्र के निवासी हरिप्रसाद की बेटी की शादी मीरगंज से हुई थी। उसकी पत्नी पूजा इस समय मायके आई हुई थी। साथ में पुत्री कोमल (3) भी आई हुई थी। बताया जा रहा है कि रविवार की दोपहर बाद मे वह घर से खेलने निकल पड़ी। इसकी जानकारी परिजन को नही थी। कुछ समय बाद बच्ची को घर मे न पाकर परिवार के लोग उसे खोजने लगे। काफी समय तक उसका पता नही चला। इसी बीच घर के पास नगर पंचायत की ओर से बनवाई नाली के पानी मे बच्ची डूबी मिली। परिवार वालों ने देखा तो आनन-फानन मे अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। उधर घटना की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल कर बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।।
बरेली से कपिल यादव