मिट्टी की ढांग गिरने से दो बहनें दबी, एक की मौत, दूसरी की हालत गंभीर

फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र मे घर की लिपाई करने के लिए मिट्टी खोदने गई दो बहनों के ऊपर मिट्टी की ढांग गिर गई। जिससे वह दोनों दब गई। एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले गए। थाना फरीदपुर क्षेत्र के सब्दलपुर गांव निवासी महिपाल सिंह यादव ने बताया कि उनकी पुत्री प्रियंका (12 वर्ष) व शिवानी (13 वर्ष) दीपावली की तैयारी को लेकर घर की लिपाई करने के लिए बुधवार सुबह तालाब के किनारे मिट्टी लेने गई थी। इसी दौरान मिट्टी की ढांग भरभरा कर गिर गई। जिसके नीचे दोनों दब गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मिट्टी हटाकर दोनों बहनों को निकाला। लेकिन प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई थी। शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे बरेली के एक अस्पताल मे भर्ती कराया। प्रियंका की मौत से परिवार मे कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया।उसके शव को दफना दिया गया। उधर, घायल शिवानी की हालत गंभीर बताई गई है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *