प्रयागराज। एसटीएफ प्रयागराज यूनिट को बुधवार को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ के सहयोगी अफसार अहमद को नई दिल्ली मे दबिश देकर गिरफ्तार किया। पुरामुफ्ती के अफसार पर बरेली पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उस पर बरेली जेल मे अशरफ से अपनी ही आईडी पर गुड्डू मुस्लिम, अरमान समेत अन्य गुर्गों से मिलवाने और गवाहों को धमकाने का आरोप है। एसटीएफ सीओ शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि पूरामुफ्ती के सल्लाहपुर निवासी अफसार अहमद पर बरेली के बिथरी चैनपुर में कारागार अधिनियम व सीएलए एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। लंबे समय से फरार होने पर उस पर 50 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था। अफसार अहमद के दिल्ली में कहीं छिपकर रहने की सूचना मिली थी। एसआई गुलजार सिंह के नेतृत्व मे गठित टीम ने बुधवार की सुबह लगभग पौने सात बजे सपना स्टैंड के सामने कालका रोड अमर कॉलोनी साउथ ईस्ट दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, अफसार अहमद ने पूछताछ में बताया है कि माफिया अशरफ जब बरेली जेल में बंद था, तब वह उससे मिलने जाता था। अपनी ही आईडी में गिरोह के सदस्यों अजहर, लल्ला गद्दी, गुड्डू मुस्लिम, र साबिर व अरमान आदि को भी साथ ले न जाकर अशरफ से जेल में मुलाकात कराता था। अशरफ से मुलाकात के बाद गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर गवाहों को डराने, धमकाने और हत्या की योजना तैयार कर वारदात को अंजाम देता था। अशरफ के बरेली जेल में रहने के दौरान उस पर थाना बिथरी चैनपुर में मुकदमा दर्ज हुआ था। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली में छिपकर रह रहा था। एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार करने के बाद बिथरी चैनपुर थाना पुलिस को सौंप दिया। उस पर बरेली के अलावा कोखराज कौशाम्बी थाने में भी आपराधिक मामले दर्ज है।।
प्रयागराज से कपिल यादव
