मानसून की पहली झमाझम बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, गर्मी से मिली लोगों को राहत

बरेली। मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे मौसम ने करवट ली। आसमान में काले बादल छा गए। करीब एक बजे बारिश शुरू हो गई। अधिकतम तापमान में आई गिरावट के कारण लू का प्रकोप पहले ही समाप्त हो गया था। अब मानसून की पहली बारिश राहत लेकर आई। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम सुहावना हो गया है। बरेली शहर मे मानसून की पहली बारिश में बच्चे और युवा मस्ती करते नजर आए। मौसम विभाग ने बरेली समेत मंडल के चारों जिलों मे अगले चार दिन के लिए बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। उमस और भीषण गर्मी में बारिश के साथ-साथ चल रही ठंडी हवा ने लोगों को काफी राहत दी है। बारिश होने से सूरज की तपिश भी कम हो गई है। तेज बारिश के साथ काली घटाएं आसमान में छा गई है। कई जगह तो सड़कों पर लोग बारिश में भीगते नजर आए और मौसम का आनंद ले रहे थे। वही मानसून के दस्तक देने से किसानों को भी बड़ी राहत मिल सकती है। अभी तक फसल में पानी लगा रहे किसानों के लिए यह बरसात वरदान साबित होगी। मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक अगले चार दिनों तक अनुकूल माहौल बनने पर बारिश के आसार है। दिन में बादल मंडराने का सिलसिला जारी रहेगा। इससे तापमान में चार डिग्री तक और गिरावट की उम्मीद है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *