भमोरा, बरेली। समाज मे रिश्तों की संवेदनशीलता और गिरते मानवीय मूल्यों का मामला सामने आया। भीषण ठंड मे जहां लोग रजाई मे दुबके है। वहीं एक नशे की लत मे डूबे बेटे ने पहले अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और जव बुजुर्ग मां ने बहू पर हो रहे अत्याचार का विरोध किया तो उसने भीषण ठंड मे अपनी ही जन्मदात्री को घर से बाहर निकाल दिया। इस घटना की सबसे पीड़ादायक बात यह रही कि आसपास रहने वाले किसी भी पड़ोसी ने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही पीड़ित वृद्धा की मदद के लिए आगे आया। समाज की इसी चुप्पी के बीच एक बच्चे ने इंसानियत की मिसाल पेश की। मिशन शक्ति अभियान के तहत स्कूल मे लगी शिकायत पेटिका मे बच्चे ने एक पर्ची डालकर इस अमानवीय कृत्य की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने कुछ दिनों पहले ही मोदी इंटरनेशनल स्कूल में शिकायत पेटिका लगाई थी। बच्चों को आसपास या कही कोई अप्रिय या गलत काम होने की जानकारी मिलने पर शिकायत पेटिका मे डालने की बात कही। पर्ची डालने वाले का नाम गुप्त रखने की बात का असर हुआ और पुलिस सक्रिय हुई। भमोरा एसओ सनी चौधरी के निर्देश पर मिशन शक्ति की प्रभारी एसआई ऋतु चौधरी व महिला हेड कांस्टेबल लक्ष्मी तिवारी के नेतृत्व मे टीम नौगांव ठाकुर मौके पर पहुंची। वहां पता चला कि वृद्ध कलावती (65) को उनका लड़का राजेश घर मे नही रहने दे रहा था। कलावती के पति राम सहाय कुछ वर्षों पहले मृत्यु हो चुकी है। इससे मां बेटे के साथ रहती है। उनका लड़का राजेश आए दिन शराब पीकर आता है और अपनी के विरोध करने पर उन्हे घर से बाहर निकाल दिया। ठंड मे बुजुर्ग कंपकपाती रही। लड़के की निर्दयता पर पुलिस टीम ने उसे समझाया और चेतावनी भी दी कि अब यदि मां को परेशान किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। चेतावनी का असर हुआ और बेटा मां को रखने को तैयार हो गया।।
बरेली से कपिल यादव
