महिला सफाई कर्मचारी की गला रेतकर हत्या, बेड पर मिला खून से लथपथ शव, पति फरार

बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर क्षेत्र के सिद्धार्थनगर मे किराये पर रहने वाली नगर निगम की सफाईकर्मी दीपा (35 वर्ष) की सोमवार रात गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या का शक उसके पति पर है। रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का मुआयना किया। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार सुबह पीआरवी को सिद्धार्थनगर में महिला की हत्या की सूचना मिली। इज्जतनगर पुलिस ने जानकारी की तो पता लगा कि दीपा नगर निगम मे सफाईकर्मी थी। उनका पति राजीव मौके पर नहीं मिला। मकान मालिक संतोष कश्यप ने बताया कि 11 जुलाई को ही राजीव ने यह मकान किराये पर लिया था। वह लोग तीन मकान के बाद बने दूसरे घर में रहते हैं। मंगलवार सुबह मीटर रीडिंग के लिए आए कर्मचारी ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नही खुलने पर उन लोगों ने आवाज लगाई। पड़ोसी की छत पर चढ़कर संतोष का बेटा घर में उतरा तो बेड पर दीपा का शव पड़ा था। मकान का दूसरा दरवाजा अंदर से खुला था। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो सोमवार रात दस बजे राजीव अकेला घर से निकलकर गली मे जाता दिखाई दिया। इससे शक पुख्ता हो गया कि राजीव ने ही दीपा की हत्या की होगी। मकान मालिक संतोष की तहरीर पर राजीव के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि प्राथमिक तौर पर मामला हत्या का है। महिला का गला रेता गया है। शक के आधार पर पति राजीव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश कर रही हैं। राजीव की गिरफ्तारी से स्थिति साफ हो जाएगी। पुलिस ने जानकारी की तो पता लगा कि दीपा की शादी प्रेमनगर मोहल्ले में रहने वाले व्यक्ति से हुई थी जो नगर निगम मे सफाईकर्मी था। उससे दीपा को दो बेटे हुए जो लखीमपुर खीरी जिले के किसी आवासीय विद्यालय मे रहकर पढ़ाई करते है। पति की पांच साल पहले मौत के बाद दीपा को मृतक आश्रित के रूप मे नौकरी मिल गई थी। इनमें बेटी अनुष्का 12 साल की और बेटा 10 साल का है। पुलिस के अनुसार दोनों बच्चे मां की मौत की खबर मिलते ही लगातार रोते-बिलखते रहे। दोनों बच्चे बहुत कम यहां पर आते-जाते थे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *