बरेली। कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान देने वाले मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह के खिलाफ समाजवादी पार्टी (सपा) ने मोर्चा खोल दिया है। बरेली में बृहस्पतिवार को सपा महिला मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने मंत्री पर कार्रवाई करने की मांग की। शहर पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री ने सेना की अधिकारी पर बहुत ही गंदा बयान दिया है। ऐसी जुबान का उपयोग नही होना चाहिए। शेरवानी ने कहा कि भाजपा में अगर जरा सी भी अच्छी सोच बची है कि मंत्री को बर्खास्त करना चाहिए। सलीम इकबाल शेरवानी ने गुरुवार को सपा कार्यालय पर पीडीए चर्चा बैठकों की समीक्षा की। इसके बाद मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पास अपनी कोई सोच नहीं है। वह दूसरे देशों पर जिंदा रहता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारी सेना ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है कि आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। सीजफायर के सवाल पर सपा नेता ने कहा कि जंग लॉन्ग टर्म इलाज नहीं है। सीजफायर कभी ना कभी होना ही था। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का कहना है कि सीजफायर बहुत जल्दी हो गया। कुछ की सोच है कि अमेरिका के दबाव में हुआ है। लेकिन भारत को जो पैगाम देना था वह पाकिस्तान को दे दिया है।।
बरेली से कपिल यादव