मंदिर मे फांसी के फंदे से लटका मिला पुजारी का शव, लगाया हत्या का आरोप

बरेली। सिविल लाइंस बड़ा डाकखाना के सामने मां दुर्गा मंदिर के महंत चेतन गिरी ने घंटे से लटक कर फांसी लगा ली। महंत का शव सोमवार सुबह मंदिर के घंटे से लटका मिला। वह कुछ समय पहले ही गाजियाबाद से बरेली आए थे। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर चेतन का किसी से विवाद हो गया था। घटना की जानकारी पर इंस्पेक्टर पंकज पंत मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया। इसके बाद जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आपको बता दें कि बड़ा डाकखाना स्थित मां दुर्गा मंदिर में चेतन गिरी पुजारी थे। वह करीब एक साल से मंदिर में रह रहे थे। सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी बब्बर गिरी ने बताया कि चेतन गिरी उनका चेला था। बाबा रोज शाम को मंदिर आते हैं। वह रविवार की शाम भी मंदिर में आए थे। जहां उनकी चेतन से काफी देर तक बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि चेतन से बातचीत के दौरान वह बिल्कुल भी ऐसा नही लगा कि वह जरा भी दुखी हो। बाबा ने बताया कि रोज सुबह पांच बजे चेतन हनुमान मंदिर पर पहुंचता था। लेकिन सोमवार की सुबह वह नहीं पहुंचा। जिसके बाद उसके बारे में पता किया तो मंदिर के पास एक मिठाई की दुकान चलाने वाले युवक ने बताया कि मंदिर अंदर से बंद है। काफी आवाज देने के बाद भी मंदिर नहीं खुला। जिसके बाद बाबा मंदिर पहुंचे जहां उन्होंने छत के रास्ते एक युवक को मंदिर के अंदर भेजा। जिसके बाद अंदर से मंदिर खोला गया। अंदर जाकर देखा तो बाबा का शव माता की चुनरी के सहारे घंटा टांगने वाले कुंडे से टंगा हुआ था। जिसकी जानकारी देकर कोतवाली पुलिस को मौके पर बुला लिया गया। कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई। हनुमान मंदिर के पुजारी ने बताया कि बीते साल लॉकडाउन के दौरान चेतन गिरी दिल्ली से बरेली आए थे। जिसके बाद उन्होंने चेतन गिरी को अपना चेला बना लिया था और इसके बाद से ही वह मां दुर्गा मंदिर मे पूजा कर रहे थे। वह मूल रूप से दिल्ली के बेगमपुर मे राजीव नगर की पम्मी मार्केट के रहने वाले थे। हनुमान मंदिर के पुजारी ने पुलिस को बताया है कि रविवार की दोपहर कुछ शराबी मंदिर के बाहर खड़े होकर शराब पीकर विवाद कर रहे थे। जिस पर मंदिर के पुजारी चेतन ने उन्हें टोका था। जिसको लेकर पुजारी का शराबियों से विवाद हुआ था। बाबा का आरोप है कि इसी वजह से उनकी हत्या करके शव को लटकाया गया था। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि पुजारी ने सुसाइड किया है। हत्या के आरोपों की जांच कराई जा रही है। साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *