मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बोले- सपा सरकार मे पुलिस करती थी गुंडई

बरेली। प्रदेश के सिंचाई एवं जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को सपा-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज कानून का राज है, घटनाएं होती रहती है लेकिन कानून निष्पक्ष है। यह सपा का शासन नहीं है कि मथुरा, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर में हत्याएं हो जाती थी और आजम खां के फोन पर दरोगा तुरंत घटनास्थल से बैरंग लौट जाता था। भाजपा शासन में यदि घटना होगी तो अपराधी को दंड और पीड़ित को न्याय मिलेगा। सपा सरकार में पुलिस गुंडई करती थी लेकिन भाजपा सरकार मे कानून का राज है। फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुए गोलीकांड के बारे में बात करते हुए जोड़ा कि घटनाएं होती रहती है लेकिन कानून किसी भी दोषी को नहीं छोड़ेगा। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह गुरुवार को सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधि, भाजपा नेताओं और विभागीय अधिकारियों ने स्वागत किया। वह विभागीय समीक्षा करने के लिए पहुंचे थे लेकिन विलंब होने के कारण पूर्व मे निर्धारित कार्यक्रम मे पहुंचने की आपा-धापी मे समय के अभाव मे समीक्षा बैठक निरस्त कर दी। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा पखवाड़े के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री लगातार बिना अवकाश लिए ही देश की सेवा में लगे हैं। उत्तराखंड में बादल फटने की घटनाओं प्रदेश की सभी नदियों का जलस्तर बढ़ा है, जिससे कई जिलों में बाढ़ के हालात बनने से नुकसान हुआ है। अन्य जिलों में बारिश के चलते विभागीय अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा है। नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के संत के खिलाफ दिए बयान पर कहा कि अखिलेश, राहुल और चंद्रशेखर देश को बांटने का काम करते हैं। भाजपा देश को जोड़ने का काम कर रही है। इस दौरान सांसद छत्रपाल गंगवार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, भाजपा जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *