बरेली। बुधवार को मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार ने किला पुल का निरीक्षण किया। आपको बता दें कि गुजरात के मोरबी मे हुए पुल हादसे के बाद उत्तर प्रदेश मे मुख्यमंत्री ने पुलों का सर्वेक्षण कराया है। निरीक्षण के दौरान पता चला कि बरेली के किला पुल भी क्रैक निकला है। फुटपाथ पर इसकी सरिया भी दिखने लगी है। सुरक्षा कारणों से अब इस पुल पर भारी वाहनों का आवागमन बंद किया जाएगा। किला फ्लाईओवर पर बड़े वाहनों को रोकने के लिए हाइटगेज लगाने का आदेश दिया है। लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम, नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस समन्वय स्थापित कर ट्रैफिक डायवर्जन करें। आपको बताते चले कि 1982 मे किला क्रॉसिंग पर 518 मीटर फ्लाईओवर बनकर तैयार हुआ था। फ्लाईओवर की औसतन उम्र करीब 60 वर्ष है। पुल जल्दी जर्जर हो गया। इस वजह से उसमें सरिया दिखने लगी। कई जगहों पर गड्ढे हो गए हैं। इसकी वजह से पुल पर हादसों का खतरा बढ़ गया है। पुल के गड्ढों से पानी उतरकर बीम पर आ रहा है। हादसों को रोकने के लिए कमिश्नर संयुक्ता समद्दार ने पुल की मरम्मत के आदेश दिए हैं। लोक निर्माण विभाग और सेतु निगम के अफसरों से कहा गया है कि वह किला फ्लाईओवर की मरम्मत की तैयारी करे। कमिश्नर बरेली संयुक्ता समद्दार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर प्रशासन की पहली प्राथमिकता हादसों को रोकना और लोगों का जीवन बचाना है। जर्जर हो चुके ओवर ब्रिज कि जांच करवा कर उनकी मरम्मत करवाने के लिए लोक निर्माण विभाग को आदेश दिया है। जिससे कि गड्ढों को भरा जाए और किसी भी तरह के हादसों की पुनरावृत्ति ना हो। बरेली के सभी फ्लाईओवर की स्थलीय जांच कराई जा रही है। उनकी सत्यापन रिपोर्ट देने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं। सत्यापन रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। किला फ्लाईओवर की मरम्मत के लिए शासन से बजट आवंटित कराने के लिए पैरवी की जाएगी। कमिश्नर ने सेतु निगम के अफसरों से हार्टमैन पुल और श्यामगंज चौराहे पर बने फ्लाईओवर की भी रिपोर्ट तलब की है। हालांकि श्यामगंज फ्लाईओवर जल्दी बना है। इसके बावजूद उसमें गड्ढे होने लगे हैं। लेकिन हार्टमैन फ्लाईओवर पुराना है। फ्लाईओवर पर कई जगह गड्ढे है। इसके अलावा कुदेशिया फ्लाईओवर की भी हालत खराब है। कमिश्नर ने कुदेशिया फ्लाईओवर की भी रिपोर्ट तलब की है। संबंधित विभाग के अफसरों को फ्लाईओवर के गड्ढे भरने के निर्देश दिए हैं। जिससे कि सरिया बाहर ना नजर आएं। गड्ढे मजबूती के साथ भरे जाएं। जिससे पानी का रिसाव न हो।।
बरेली से कपिल यादव
