हरिद्वार- ज्वालापुर सीट से भाजपा विधायक सुरेश राठौर पर पार्टी की ही एक महिला नेता ने रेप का आरोप लगाया है। महिला नेता की शिकायत पर बहादराबाद थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी के अनुसार महिला नेता की तहरीर पर शुक्रवार को बीजेपी विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
महिला ने शिकायत में कहा है कि विधायक ने कुछ महीने पहले उसके साथ बलात्कार किया। उस समय मामला दर्ज नहीं कराने के पीछे विधायक की तरफ से मिली धमकी को कारण बताया गया है। विधायक ने महिला को आग लगाकर मार डालने की धमकी दी थी। बहादराबाद थाने के सब इंस्पेक्टर महेंद्र पुंडीर ने बताया कि विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच हो रही है। बार-बार कोशिशों के बाद भी विधायक से संपर्क नहीं हो सका है।
रविदासाचार्य के रूप में जाने जाते हैं विधायक
सुरेश राठौर को संत रविदास संप्रदाय के अनुयायियों के बीच रविदासाचार्य के रूप में भी जाना जाता है। वह धार्मिक उपदेश भी देते हैं। महाकुंभ के दौरान उन्होंनें अनुसूचित जातियों के लोगों संग एक धार्मिक जुलूस भी निकाला था। महाकुंभ मेले के दौरान उन्हें श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े का महामंडलेश्वर बनने की भी घोषणा की गई थी। लेकिन कड़े विरोध के कारण अखाड़ा पीछे हट गया था। कहा गया कि उनका विवाह हुआ है और परिवार भी है। जबकि केवल वे ही महामंडलेश्वर बन सकते हैं जो पारिवारिक और भौतिकवादी जीवन को त्यागते हैं।
– सहारनपुर से मन्थन चौधरी