बरेली। रविवार को मैथिल ब्राह्मण सभा ने भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा का संजय कम्युनिटी हाल मे सम्मान किया। इस मौके पर सोमपाल शर्मा ने कहा कि भाजपा में एक छोटे कार्यकर्ता का भी सम्मान होता है। मैथिल का हित भाजपा में ही सुरक्षित है। मैं समाज से आग्रह करूंगा कि वह खुलकर मुझे अपनी शक्ति प्रदान कर भाजपा का साथ दें और अपना मान बढ़ाकर राजनीति की मुख्य धारा में शामिल हो। सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि सोमपाल शर्मा को भाजपा ने जिलाध्यक्ष बनाकर सटीक निर्णय लिया है, क्योंकि भाजपा के वास्तव में कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में मैथिल ब्राह्मण समाज के लोग उनके स्वागत सम्मान के लिए एकत्र हुए हैं। कार्यक्रम में विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, डॉ. एमपी आर्य और पूर्व जिला अध्यक्ष पवन शर्मा ने सोमपाल शर्मा के पार्टी में किए गए योगदान और भाजपा के उच्च नेतृत्व की जिलाध्यक्ष पद पर लिए निर्णय की प्रशंसा की। मैथिल ब्राह्मण सभा के प्रांतीय महासचिव ओपी शर्मा ने कहा कि समाज की युवा पीढ़ी शिक्षित और संगठित होकर विकास के रास्ते पर आगे आए। उन्होंने कहा कि अब हमारे समाज को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से राजनीति में भागीदारी मिलनी चाहिए। विशिष्ट अतिथि हाथरस के एडीएम प्रशासन शिवनारायण शर्मा ने कहा कि पार्टी ने जिलाध्यक्ष का दायित्व सौंपा है, वह उनकी कड़ी मेहनत का फल है। भाजपा ने ऐसा करके पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मैथिल समाज का राजनीतिक कद ऊंचा कर दिया है। इस मौके पर प्रांतीय अध्यक्ष महेश चंद्र शर्मा, पप्पू लाल झा, प्रीति झा, डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा, जितेंद्र कुमार, नवल किशोर शर्मा, डॉ. सुभाष मैथिल, अनिल शर्मा, मुनेश शर्मा, विकास शर्मा, केसी शर्मा, डॉ. बनवारी लाल शर्मा, सुरेश चंद्र झा, घनश्याम शर्मा आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव