भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले-भाजपा वंशवाद की नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं की है पार्टी

बरेली। सोमवार को भाजपा सदस्यता अभियान को गति देने के लिए बरेली पहुंचे भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सपा, कांग्रेस का सच अब देश और प्रदेश की जनता जान चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपराधियों को सबक सिखा रही है। अखिलेश यादव जो बयान देते हैं, वे अपने अनुभव पर देते हैं जो उनके कार्यकाल में हुए थे। वही आगामी चुनाव में सपा को सफा होने की बात कही। कहा कि ये सदस्यता अभियान ही बता देगा कि जनता किसके साथ है। हमारे कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि हर घर पहुंच रहे है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सपा सरकार में पूरा प्रदेश दंगाइयों के हवाले रहता था। अब जब अपराधियों पर नकेल कसी जा रही है तो सपा इन अपराधियों में भी जाति ढूंढती है। इनका चरित्र अनैतिक कार्य वाला है। इनके साथ कांग्रेस भी जुड़ गई है। विधानसभा के आगामी उप चुनाव मे इन्हें जनता आईना दिखाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने होटल में आयोजित संगठन पर्व सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक में पार्टी की सदस्यता लक्ष्य के अनुसार न होने पर आपत्ति जताई। कहा कि कार्यकर्ता जिले के प्रत्येक बूथ पर पहुंचें और जनप्रतिनिधि भी क्षेत्र में भ्रमण करें तभी जनता का जुड़ाव बढ़ेगा। उन्होंने प्रत्येक गांव मे कम से कम सौ सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया। बोले-भाजपा वंशवाद की नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं की पार्टी है। कल मैं कहां रहूंगा, मुझे नहीं पता। आज आप जहां हैं कल किस पद पर होंगे यह आपको नहीं पता। पद की लालसा के बगैर पार्टी के कार्य करें। संगठन की निगाह सभी पर है। जो बेहतर करेगा, आगे बढ़ेगा। बताया कि 25 तारीख को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिवस पर वृहद सदस्यता अभियान चलेगा। जनप्रतिनिधियों से प्रतिदिन दो घंटे सुबह और दो घंटे शाम सदस्यता अभियान में शामिल होने को कहा। एक से 15 अक्तूबर तक सामूहिक सदस्यता अभियान के बारे मे जानकारी दी। प्रदेश के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, ब्रज क्षेत्र प्रभारी संतोष सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, जिपं अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक संजीव अग्रवाल, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, मेयर उमेश गौतम, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. एमपी आर्य, जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना व अन्य मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *