मुजफ्फरनगर – एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत पर मंत्री कपिल देव ने कहा कि ये मोदी-योगी की शानदार कार्यशैली पर जनता की मोहर है।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद् (स्नातक व शिक्षक) चुनाव 2023 में पांच सीटों में से चार पर भाजपा ने जीत का परचम लहराया है। बता दें कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक, कानपुर खंड स्नातक, बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक, इलाहाबाद झांसी खंड शिक्षक और कानपुर खंड शिक्षक सीट पर 30 जनवरी को मतदान हुआ था।
कानपुर शिक्षक खंड सीट को छोडकर शेष सभी चारों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। राज्य विधान मंडल के उच्च सदन में भाजपा की प्रचंड विजय पर भाजपाईयों में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र चौधरी सहित तमाम पदाधिकारियों ने इसे भाजपा के प्रति अथाह जन विश्वास का प्रतीक बताया है।
इसी कड़ी में मुजफ्फरनगर विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भाजपा जिला कार्यालय पहुंच कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाई और अपनी खुशी को व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जन विश्वास और चहुंमुखी विकास की जीत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को मिष्ठान खिलाकर शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजेन्द्र पाल, संजय गर्ग, जिला मंत्री सुनील दर्शन, प्रवीण शर्मा, विक्रांत, मनोज शर्मा, सागर बाल्मीकि, प्रेमसुधा बाल्मीकि, विजय प्रजापति, श्यामलाल प्रजापति, सन्नी वर्मा आदि मौजूद रहे।
– मुजफ्फरनगर से भगत सिंह