भाजपा नेता व ईओ के विवाद ने पकड़ा तूल, राज्यमंत्री से मिले व्यापारी, सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे मे अतिक्रमण हटाने के दौरान ईओ पुष्पेंद्र राठौर व भाजपा व व्यापार मंडल से जुड़े नेता आशीष अग्रवाल के बीच तकरार और उन पर मुकदमा दर्ज होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोशल मीडिया पर भाजपा से ही जुड़े नेता एक-दूसरे पर जातिगत टिप्पणी कर रहे है। मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा के करीबी क्रय विक्रय गन्ना समिति के निदेशक बबलू गंगवार ने ईओ को अपनी कुर्मी बिरादरी से जुड़ा बताकर लिखा है कि आशीष अग्रवाल ने गालीगलौज करके पूरी बिरादरी का अपमान किया है। भाजपाइयों ने इसे कार्यकर्ताओं की लड़ाई बताया। विधायक समर्थक के कमेंट्स के खिलाफ सोशल मीडिया मे मुद्दा छाया हुआ है। लोग पक्ष और विपक्ष मे कमेंट कर रहे है। इधर आशीष पर दर्ज रिपोर्ट को खारिज कराने और ईओ के खिलाफ दी गई तहरीर पर मामला दर्ज कराने की जिला कमेटी के व्यापार मंडल नेता व्यापारियों के साथ रविवार को वन राज्यमंत्री अरुण सक्सेना के यहां पहुंचे। उन्होंने वन मंत्री से मामले मे हस्तक्षेप की मांग की है। वही कस्बे मे 15 दिन पहले अतिक्रमण तोड़ने के दौरान हुई कहासुनी के बाद अब ईओ ने भाजपा से नगर पंचायत अध्यक्ष की प्रत्याशी रहीं प्रीति अग्रवाल के पति आशीष अग्रवाल के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आशीष ने इसे राजनीति से प्रेरित बताकर मीरगंज विधायक डॉ डीसी वर्मा पर ठीकरा फोड़ा है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भेजी शिकायत मे विधायक पर गंभीर आरोप लगाए है। दरअसल, 21 नवंबर को मुख्य बाजार मे राहुल गुप्ता की दुकान पर नगर पंचायत की टीम गई थी। अतिक्रमण हटाने को लेकर बाजार में ही नगर पंचायत के ईओ पुष्पेंद्र राठौर से व्यापारी राहुल के समर्थन मे पहुंचे भाजपा नेता आशीष अग्रवाल की तनातनी हो गई थी। ईओ ने उसी शाम सरकारी कार्य मे बाधा डालने और गाली गलौज करते हुए दस्तावेज फाड़ने का आरोप लगाकर आशीष अग्रवाल व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ फतेहगंज पश्चिमी थाने की पुलिस को तहरीर दी थी। व्यापारी राहुल गुप्ता व आशीष अग्रवाल ने भी ईओ पर अतिक्रमण अभियान रोकने के बदले दो लाख रुपये मांगने का आरोप लगाकर तहरीर दी थी। इस पर पुलिस जांच कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस ने आशीष अग्रवाल व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि आशीष अग्रवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आशीष की ओर से दी गई तहरीर पर जांच आख्या एडीएम प्रशासन को भेजी गई है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *