बरेली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा रात्रि प्रवास के बाद शनिवार की सुबह करीब सवा दस बजे हार्टमैन कॉलेज के पास स्थित बड़ा बाग हनुमान मंदिर पहुंचे। वहां भगवान की आरती की और मंदिर की परिक्रमा भी की। इसके बाद पीलीभीत बायपास रोड स्थित महानगर कॉलोनी पहुंचे और घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया। भाजपा अध्यक्ष के इंतजार मे बैठे लोगों ने तिलक-चंदन और फूलों से राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लोगों से कमल को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहीं घर के छोटे बच्चे को पुचकारा तो कही बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। नए वोटरों से भाजपा को ही वोट देने की अपील की। लोगों को अपने पास बुलाया और हाथ जोड़कर सहयोग करने को कहा। जनसंपर्क और मतदाताओं से संवाद के लिए आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पदाधिकारियों को जीत का मंत्र भी दे गए। कहा कि प्रत्येक मतदाता तक पांच-पांच बार जरूर जाएं। इसी से पूरी मेहनत सफल हो सकेगी। जनता भाजपा सरकार के कार्यों से खुश है। प्रत्येक मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के प्रयास शुरू कर दें। संगठन इस बात पर जोर दे रहा कि यह टोली प्रत्येक मतदाता के संपर्क में रहे। मतदान से पहले कम से कम पांच बार उनके पास पहुंचे ताकि संवाद व संपर्क बना रहे। भाजपा की नीतियों को समझाते हुए पंपलेट भी बांटे। लोगों ने राष्ट्रीय नेता के साथ सेल्फी भी खींची। करीब पौन घंटे के जनसंपर्क के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष 300 प्लस का दावा कर रवाना हो गए।।
बरेली से कपिल यादव