बरेली। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये हुई समीक्षा के दौरान एसएसपी अनुराग आर्य ने कड़े तेवर दिखाते हुए भमोरा व मीरगंज थाने को सीसी (क्रिटिकल कॉरिडोर) टीम के प्रभारियों को सस्पेंड कर दिया। साथ ही दो सीओ की जमकर फटकार भी लगाई। चार्जशीट व एफआर अभियान मे अपेक्षाकृत कार्रवाई न होने पर दो सीओ और 12 थाना प्रभारियों का स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने रविवार शाम चार बजे से रात नौ बजे तक चली समीक्षा के दौरान भमोरा व मीरगंज थाना क्षेत्र मे सड़क हादसे बढ़ने पर नाराजगी जताई। भमोरा के सीसी टीम प्रभारी उपदेश कुमार और मीरगंज के अनीश कुमार के कार्यों की समीक्षा में पाया गया कि थाना प्रभारी के निर्देश देने पर भी उन्होंने कुछ काम ही नही किया है। इस पर एसएसपी ने मीटिंग मे ही दोनों को सस्पेंड कर दिया। इसके साथ ही भमोरा की पूरी सीसी टीम की प्रारंभिक जांच के भी निर्देश दिए। चार्जशीट फाइनल रिपोर्ट जमा कराने हेतु जारी अभियान की समीक्षा के दौरान अपेक्षित कार्यवाही न करने पर एसएसपी ने सीओ नवाबगंज नीलेश मिश्र एवं सीओ हाईवे शिवम आशुतोष का स्पष्टीकरण तलब किया है। इसके साथ ही कैंट, सुभाषनगर, इज्जतनगर, भमोरा, फतेहगंज पूर्वी, भुता, नवाबगंज, हाफिजगंज, क्योलड़िया, बिथरी चैनपुर, भोजीपुरा एवं फतेहगंज पश्चिमी के थाना प्रभारियों से भी स्पष्टीकरण तलब किया है। इस दौरान एसएसपी ने मीटिंग मे ही देहात क्षेत्र के दो सीओ की फटकार भी लगाई। इस दौरान सभी को एआई आधारित यक्ष एप की जानकारी दी गई और चौकियों पर जनसुनवाई प्रणाली को अधिक प्रभावी, संवेदनशील एवं पारदर्शी बनाने हेतु सुझाव आमंत्रित किए गए। मीटिंग मे एसपी साउथ अंशिका वर्मा, प्रभारी एसपी सिटी मो. अकमल खान समेत सभी सीओ एवं थाना प्रभारी रहे।।
बरेली से कपिल यादव
