भुता, बरेली। जमीन को लेकर चले आ रहे विवाद मे सोमवार की सुबह दो पक्षों मे मारपीट और पथराव हो गया। जिसमें मां बेटे घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर चार लोगों को हिरासत मे लिया है। गांव चकरपुर के विपिन कुमार राजपूत ने बताया कि गांव से पश्चिम में उसका खेत है, जिस पर गंगापुर गांव का भूमाफिया जबरन कब्जा करना चाहता है। उसकी मां शकुंतला देवी ने जमीन की बुनियाद भरवा दी थी। आरोप है कि उस बुनियाद को भूमाफिया ने अपने भाई-बेटों के साथ रात में उखाड़ दिया। इस पर उसकी मां ने पुन: निर्माण के लिए रेता आदि मंगाया। वह सोमवार सुबह अपने बेटे केशव राजपूत के साथ जमीन की ओर गयी थी। आरोप है कि तभी खेत पर भूमाफिया अपने बेटों समेत 12 लोगों के साथ आये और उसकी मां और भाई को गालियां दी और मारपीट शुरू कर दी। फायर कर दहशत फैला दी। डंडा मारकर उसकी मां और भाई को घायल कर दिया। दूसरे पक्ष के बृजराम मौर्य निवासी गंगापुर ने बताया कि उन्होंने चकरपुर के प्यारे लाल, वेदराम से 2005 मे जमीन खरीदी थी। उसके बाद 2006 मे जमीन को मंडी बनाने वाले लोगों ने अधिकृत कर लिया था। जिसका मुकदमा 16 वर्ष तक चलता रहा। इस दौरान प्यारे लाल और वेदराम की मौत हो गई थी। आरोप है कि उनकी मौत के बाद विधवा शकुंतला देवी की नियत खराब हो गई। वह ससुर द्वारा बेची जमीन को अपना बता रही है। सोमवार को उनका भतीजा अंशुल जमीन की ओर गया। जमीन मे निर्माण होते देख पुलिस को सूचना दी। विरोधी पक्ष के रवि आदि ने उन पर हमला कर दिया। उनकी लाइसेंसी पिस्टल छीन ली। पुलिस ने एक पक्ष के बृजराम मौर्य, उसके भाई रायबहादुर मौर्य, जबकि दूसरे पक्ष के हेम सिंह उर्फ छोटू राजपूत, रवि कुमार राजपूत को हिरासत में लिया है। थानाध्यक्ष सनी चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीन को लेकर झगड़ा हुआ है। तहरीर पर जांच कराई जा रही है। उसके बाद विधिक कार्रवाही कराई जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
