ब्लॉकों मे बनेंगे बरातघर, समूह की महिलाएं करेंगी संचालन- डीएम

बरेली। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक उत्थान को बढ़ावा देने के लिए शनिवार को संजय कम्युनिटी हाल में आजीविका संवर्धन संगोष्ठी में डीएम अविनाश सिंह ने महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने उनके कामकाज और समस्याओं के बारे में जाना और उनके जीवन स्तर को और उठाने के लिए उन्हें जागरूक किया। डीएम ने कहा कि अगर नारी सशक्त होगी तभी हमारा देश भी आगे बढ़ सकेगा। देश को आगे ले जाने में महिलाओं की भूमिका काफी अहम हो जाती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक में एक बरात घर बनाया जाएगा और इसके संचालन की जिम्मेदारी के लिए स्वयं सहायता समूह की दीदियों को रखा जाएगा, इससे उन्हें रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि आप लोग गारमेंट्स को इस तरह से बनाएं जिससे बाजार में बिक्री अधिक से अधिक हो सके और आपका मुनाफा अधिक हो। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की ओर से निर्मित की जाने वाली कई वस्तुओं की तारीफ करते हुए कहा कि इसमें अभी और सुधार करने की आवश्यकता है। बोले कि सभी लोग अपने-अपने उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार लाएं और ज्यादा से ज्यादा इसका प्रचार करें। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनमोहन पांडेय से कहा कि यहां पर दुग्ध का व्यापार ज्यादा प्रचलित है। इसके लिए कुछ दीदियों को अच्छी नस्ल की गाय और भैंस दें। उन्होंने स्टालों का निरीक्षण किया। डीसी एनआरएलएम योगेंद्र भारती, डॉ. रंजीत सिंह, जिला उद्यान अधिकारी जितेंद्र कुमार मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *