बोर्ड परीक्षा से पहले केंद्रों पर पहुंचने लगी उत्तर पुस्तिकाएं, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बरेली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। जिले के परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं की शुक्रवार से आपूर्ति शुरू हो गई है। पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में बनाए गए कंट्रोल रूम से तहसीलवार उत्तर पुस्तिकाएं भेजी जा रही हैं। तीन दिनों में 50 परीक्षा केंद्रों पर लगभग एक हजार उत्तर पुस्तिकाएं पहुंचाई जा चुकी हैं। शेष केंद्रों पर वितरण का कार्य 13 फरवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होनी है, जिसे लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग सतर्कता बरत रहा है। परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्रों के सुरक्षित रख-रखाव के लिए स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त होते ही इन्हें संबंधित केंद्रों के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों को चालू कर दिया गया है। इसके अलावा खिड़की, दरवाजों की मरम्मत, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पीने के पानी की सुविधा सुनिश्चित की जा रही है। जिले के लिए हाईस्कूल और इंटर में पंजीकृत 95 हजार से अधिक बच्चों के लिए लगभग पांच लाख उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त हुई हैं। डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही परीक्षा के दौरान निगरानी के लिए उड़नदस्तों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की योजना तैयार की जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *