राजस्थान/बाड़मेर- जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने आज बिठूजा क्षेत्र का सघन दौरा कर ग्रामीण विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जांची। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने पहले ग्राम पंचायत बिठूजा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया और उसके बाद वन विभाग की बिठूजा नर्सरी पहुँचकर पौधारोपण गतिविधियों का जायजा लिया। ग्राम पंचायत परिसर में आयोजित सेवा शिविर में पहुँचते ही जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटर्स का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद ग्रामीणों और फरियादियों से सीधा संवाद कर पूछा कि उन्हें योजनाओं का लाभ मिलने में कोई परेशानी तो नहीं आ रही है। उन्होने राजस्व विभाग के काउंटर पर नामांतरण, खाता शुद्धिकरण और आबादी पट्टों के लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होने कहा कि राज्य सरकार की मंशा हर पात्र व्यक्ति तक राहत पहुँचाना है। ग्रामीण सेवा शिविरों में आने वाले एक भी व्यक्ति की शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। काम में ढिलाई बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीण शिविर के बाद जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव वन विभाग की बिठूजा नर्सरी पहुंचे। मानूसन सत्र को देखते हुए की जा रही तैयारियों का उन्होंने बारीकी से मुआयना किया। उन्होने नर्सरी में तैयार किए जा रहे फलदार, छायादार और औषधीय पौधों की संख्या और उनकी सेहत की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मानसून के दौरान आमजन और स्वयंसेवी संस्थाओं को आसानी से और रियायती दरों पर पौधे उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने वन अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बार बालोतरा जिले में हरियालों राजस्थान अभियान के दौरान जिले में हरियाली बढ़ाने के लिए सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए। इस दौरान उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
