बारिश से धान और गन्ने की फसलें बर्बाद, सड़कों पर सैलाब की स्थिति

बरेली। बारिश ने शहर से लेकर देहात तक कहर ढा रखा है। एक तरफ शहर की सड़कों पर हर तरफ सैलाब की स्थिति है तो दूसरी तरफ किसानों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। बारिश के कारण सबसे ज्यादा धान और गन्ने की फसल बर्बाद हुई है। उधर मौसम विभाग की तरफ से बारिश को लेकर तीन दिन का अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को भी तेज बारिश की संभावना जताई जा रही है। बुधवार और गुरुवार को हुई बरसात के कारण किसानों का काफी नुकसान हुआ है। मीरगंज के कस्बा व देहात क्षेत्र में किसानों के गन्ने, शरबती धान आदि की खड़ी फसल गिर गई। किसान विशाल गंगवार निवासी चुरई दलपतपुर ने बताया कि उनकी करीब 15 बीघा गन्ना की फसल गिर गई। गन्ना गिरने से वजन भी कम हो जाता है और उसमें चूहे आदि कुतरना शुरू कर देते हैं। गिरे गन्ने को काटते वक्त अधिक समय लगता है। इसके अलावा किसान विजय चौधरी निवासी अब्दुल्लागंज ने बताया कि उनकी गन्ने और धान की फसल गिर गई। कुछ दिनों पहले ही गन्ने को पानी दिया था। गन्ना गिरने से नुकसान हुआ है। गन्ने का वजन कम हो जायेगा। फतेहगंज पश्चिमी निवासी पनवडिया चंद्रपाल ने बताया कि गन्ने और धान की फसल गिर गई। बारिश ने शहर की सड़कों की हालत भी खराब कर दी है। तमाम इलाकों में गुरुवार सुबह जलभराव की स्थिति हो गई। स्मार्ट सिटी की सड़कों के गड्ढो में जमा पानी ने लोगों को खूब परेशान किया। शहर के पंजाबपुरा, मटकी चौकी, साहूकारा, गोपीनाथ चौराहा, सिटी स्टेशन से किला रोड, सुभाष नगर पुलिया आदि इलाकों में जल भराव की स्थिति बनी हुई थी। इसके अलावा बिहारीपुर, मलूकपुर, गंगापुर, जैसे इलाकों की गलियां दिन भर जलमग्न रही।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *