बरेली। जिले में कोरोना के प्रतिदिन मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। स्वास्थ्य व्यवस्थाएं लचर हैं। अस्पतालों में बेड नहीं है। इस कारण संक्रमण से मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। बावजूद लोग समझ नहीं रहे हैं। शहर के श्यामगंज बाजार मे प्रतिदिन ऐसे भीड़ जुट रही है जैसे सामान्य दिनों में जुटती है। लोगों में संक्रमण का डर ही नजर नहीं आ रहा। सामाजिक दूरी व मास्क लगाने का नियम भी लोग पालन नहीं कर रहे हैं। बाजार बंद होने के बावजूद राशन के अलावा अन्य दुकानदार आधे शटर खोलकर सामान बेच रहे हैं। पुलिस व प्रशासन के अफसर भी भीड़ को नाकामयाब साबित हो रहे हैं। वैज्ञानिकों ने कोरोना की तीसरी लहर के खतरे का भी आभास कराया है। शासन दो बार लॉकडाउन की समय सीमा बढ़ा चुका है। अब लोगों में तीसरी बार लॉकडाउन बढ़ने का डर है। इस कारण लोग घरों में अतिरिक्त सामान जुटा रहे हैं। रोज सुबह श्यामगंज बाजार में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ सामान लेने पहुंच रही है। बाजार में सुबह की भीड़ का मंजर डरा देने वाला है। लोग बेखौफ हैं। प्रशासन भी लोगों के इस जमावड़े को नियंत्रित करने में नाकाम दिख रहा है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे कुछ पुलिस कर्मियों ने आकर बाजार बंद करने को कहा। जिसके बाद दुकानदारों ने अपनी दुकानों में ताले डाल दिए। दूसरी तरफ श्यामगंज बाजार की गलियों में दुकानदार मनमर्जी दुकान का संचालन कर रहे हैं। बंदी के बाद भी दिन भर गलियों में आधे शटर खोलकर दुकानों पर सामान बेचा जा रहा है। यहां न तो शारीरिक दूरी का पालन किया जा रहा है और न ही चहरे पर मास्क लगाने की जरूरत ही लोग महसूस कर रहे है। शाम करीब तीन बजे कुछ पुलिस कर्मी जब श्यामगंज बाजार में गश्त करते हुए फल मंडी में पहुंचे तो ठेलों पर लगी भीड़ और फल विक्रेताओं में भगदड़ मच गई। कुछ फल विकेता तो अपना ठेला छोड़कर ही भाग गए। पुलिसकर्मियों ने फल विक्रेताओं को चेतावनी देकर छोड़ दिया। वही श्यामगंज बाजार से सैटेलाइट मार्ग पर चलने वाले ई रिक्शा चालकों पर भी पुलिस ने काफी सख्ती की और यातायात नियंत्रित करने के लिए श्यामगंज-सैटेलाइट मार्ग की बैरिकेडिंग करके वन-वे कर दिया।।
बरेली से कपिल यादव