बरेली। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रविवार बरेली मे आयोजित प्रेस वार्ता मे घोषणा की कि 21 दिसंबर से 26 दिसंबर तक आम आदमी पार्टी की ‘वोट बचाओ-संविधान बचाओ पदयात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा रामपुर, मुरादाबाद और अमरोहा जिलों को कवर करेगी। संजय सिंह ने बताया कि पदयात्रा के दौरान चार बड़ी जनसभाएं रामपुर, मुरादाबाद, पाकवाड़ा और अमरोहा में होंगी, जबकि बीच-बीच में स्वागत और संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह यात्रा दो प्रमुख विषयो वोट का अधिकार बचाने और संविधान की रक्षा करने पर केंद्रित रहेगी। संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में करोड़ों मतदाताओं के वोट पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले-जिले मे जानबूझकर भारी गड़बड़ियां की जा रही है। बिहार मे 70–70 हजार वोट एक विधानसभा से काट दिए गए और अब उत्तर प्रदेश में भी लगभग दो करोड़ वोट काटने की साजिश चल रही है। उन्होंने बताया कि लखनऊ, जौनपुर और रामपुर में इस तरह की गड़बड़ियों के प्रमाण आम आदमी पार्टी के पास हैं। उन्होंने कहा कि 11 दिसंबर तक मै एक-एक जिले का खुलासा करूंगा, आंकड़े चौंकाने वाले है। बरेली मे बुलडोजर कार्रवाई पर संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार बुलडोजर को एक समुदाय विशेष के खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है। बुलडोजर न संविधान है, न सुप्रीम कोर्ट। इसे मुसलमानों के खिलाफ चलाकर राजनीतिक फायदा लिया जा रहा है। अगर कानून सबके लिए बराबर है तो कार्रवाई सिर्फ एक समुदाय पर क्यों।।
बरेली से कपिल यादव
